
(रिपोर्ट शक्ति कुमार )

डीएम समीर सौरभ की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक।
गोपालगंज। जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में आज, 31 अगस्त 2026 को समाहरणालय सभागार में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (DWSM) तथा जिला जल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में शुद्ध पेयजल आपूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान डीएम ने जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, छात्रावासों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों तथा आंबेडकर आवासीय विद्यालयों में शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने PHED विभाग के अधिकारियों को पेयजल नमूनों की नियमित रूप से प्रयोगशाला जांच कराने का निर्देश दिया। साथ ही, जिन स्कूल क्षेत्रों में अब तक जलापूर्ति की सुविधा पूरी तरह उपलब्ध नहीं हो सकी है, वहां कार्य में तेजी लाकर जल्द व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में मल कीचड़ प्रबंधन (FSM) को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। अंतरिम समाधान के रूप में ‘Row Entrenchment’ (DRE) की व्यवस्था तथा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ‘Filter Chamber’ निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और पेयजल एवं स्वच्छता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में निदेशक डीआरडीए राकेश चौबे, निदेशक एनईपी बैजू कुमार, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी, डीपीओ आईसीडीएस, डीपीओ मनरेगा, डीपीएम जीविका तथा डीपीआरओ गोपालगंज सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
गोपालगंज में अब सुरक्षित पेयजल और बेहतर स्वच्छता व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने तेज की कार्रवाई, स्कूलों से लेकर गांवों तक सुविधाएं मजबूत करने की तैयारी।




