
रिपोर्ट शक्ति कुमार
गोपालगंज। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में डीएम समीर सौरभ और एसपी विनय तिवारी ने राजा दल, छात्र दल, कौशल्या चौक एवं कमला राय कॉलेज सहित शहर के प्रमुख पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा इंतजाम, विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन, साफ-सफाई और भीड़ प्रबंधन का बारीकी से जायजा लिया। पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
डीएम-एसपी ने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया। प्रशासन का उद्देश्य है कि पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो और श्रद्धालु निर्भय होकर मां दुर्गा का दर्शन कर सकें।
प्रशासन की श्रद्धालुओं से अपील: दुर्गा पूजा को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।




