कुशीनगर नवागत डीएम संजय चौहान ने संभाला कार्यभार, कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का किया निरीक्षण।

रिपोर्ट शक्ति कुमार
कलेक्ट्रेट पहुंचते ही एक्शन में नवागत डीएम, संजय चौहान पटलों का निरीक्षण कर मांगी कार्यों की रिपोर्ट।
कुशीनगर। नवागत जिलाधिकारी संजय चौहान ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर कोषागार में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नजारत, ई-डिस्ट्रिक्ट समेत विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पटलवार कार्यों, लंबित प्रकरणों और प्रगति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सरकारी फाइलों का अधिक से अधिक संचालन ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फाइलों के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और शासकीय कार्यों में पारदर्शिता एवं समयबद्धता को प्राथमिकता दी जाए।
डीएम ने आईजीआरएस पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर भी अधिकारियों को गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों को आवंटित धनराशि का नियमानुसार एवं समयबद्ध सदुपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
शासन की प्राथमिकताएं ही हमारी प्राथमिकताएं : डीएम संजय चौहान।
मीडिया से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार की जो प्राथमिकताएं हैं, वही जिला प्रशासन की भी प्राथमिकताएं रहेंगी। शासन की कल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी। जनसामान्य की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के साथ ही जिलेवासियों को सुगम और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता और पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, उप जिलाधिकारीगण सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




