
रिपोर्ट शक्ति कुमार
कुशीनगर। जिलाधिकारी कुशीनगर संजय चौहान ने जवही दयाल एवं चैनपट्टी क्षेत्र में गंडक नदी के तटबंध का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तटबंध की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा संभावित जलस्तर एवं कटाव की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तटबंध की लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी संभावित समस्या को लेकर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तटबंध की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा क्षेत्र की स्थिति से संबंधित सूचनाओं का समय से संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएं। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




