मुख्यमंत्री प्रगति यात्रा की योजनाओं में लाएं तेजी, भूमि व तकनीकी अड़चनें करें दूर: गोपालगंज डीएम समीर सौरभ।

रिपोर्ट शक्ति कुमार
लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी, डीएम ने अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी।

गोपालगंज। जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में सोमवार, 01 सितंबर 2026 को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला समन्वय समिति (विकास) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से मुख्यमंत्री प्रगति यात्रा के दौरान घोषित एवं प्रस्तावित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में भूमि, एनओसी (NOC) अथवा तकनीकी स्तर पर किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न होने पर संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों, शौचालय निर्माण तथा पंचायत सरकार भवनों से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। डीएम ने इन योजनाओं में भूमि उपलब्धता और अनापत्ति प्रमाण पत्र से संबंधित लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान खरीफ फसलों में 99.71 प्रतिशत आच्छादन की उपलब्धि पर संतोष व्यक्त किया गया। वहीं, राजस्व मामलों में लगभग 95 प्रतिशत निष्पादन पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आंकड़ों के साथ-साथ योजनाओं की जमीनी हकीकत और वास्तविक प्रगति भी सुनिश्चित की जाए।
डीएम समीर सौरभ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों में अनावश्यक देरी या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और लंबित योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विस्तृत चर्चा की गई।




