गोपालगंज में 50 लाख की आभूषण लूट का खुलासा, ओडिशा के ‘केला गैंग’ का मास्टरमाइंड गिरफ्तार!

रिपोर्ट शक्ति कुमार।
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में करीब 50 लाख रुपये के आभूषण लूटकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए ओडिशा के कथित ‘केला गैंग’ के एक सदस्य नरेश प्रधान को गिरफ्तार किया है। कटेया थाना क्षेत्र के जमुनहां बाजार में स्वर्ण व्यवसायी हरेंद्र वर्मा को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था।
शनिवार को जमुनहां बाजार में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में हथुआ एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की। जांच में ओडिशा के जाजपुर जिले के निवासी नरेश प्रधान की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
मुजफ्फरपुर से आभूषण और नकदी बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित की निशानदेही पर मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के विजयछापर गांव स्थित एक किराये के मकान से लूटकांड से संबंधित आभूषण, बजाज पल्सर मोटरसाइकिल, हेलमेट और 18,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों की पहचान और मामले से उनके संबंध की जांच की जा रही है।
रेकी के बाद दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने 18 सितंबर को जमुनहां बाजार पहुंचकर रेकी की थी। इसके अगले दिन योजनाबद्ध तरीके से स्वर्ण व्यवसायी को निशाना बनाया गया। पुलिस को घटनास्थल से एक बाइक भी मिली थी, जो जांच में ओडिशा के क्योंझर जिले से चोरी की पाई गई। इसी सुराग के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया गया।
जांच में गिरोह के पांच संदिग्ध सदस्यों की पहचान हुई है। इनमें नरेश प्रधान, संजय प्रधान, मिलन प्रधान और कुमार दास नाम के दो व्यक्ति शामिल बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य बिहार समेत दूसरे राज्यों में आभूषण लूट की घटनाओं को अंजाम देने के बाद वापस लौट जाते थे।
पुलिस फरवरी में जमुनहां बाजार में एक अन्य स्वर्ण व्यवसायी की मोटरसाइकिल की डिक्की से आभूषण लूटने की घटना में भी गिरोह की संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।




