
रिपोर्ट शक्ति कुमार
गोपालगंज। गोपालपुर थाना दुर्गा पूजा एवं दशहरा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर गोपालपुर थाना परिसर में शनिवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
थानाध्यक्ष परमेश कुमार एवं रवि भूषण कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में विधि-व्यवस्था, पूजा पंडालों के लाइसेंस, निर्बाध बिजली आपूर्ति और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

बिना लाइसेंस नहीं लगेगा पूजा पंडाल
बैठक में पूजा समितियों को निर्धारित नियमों का पालन करने और आवश्यक लाइसेंस लेने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान DJ बजाने पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं, निर्धारित समय सीमा के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल की भी अनुमति नहीं होगी।
हथियारों के प्रदर्शन पर सख्ती
प्रशासन ने पूजा स्थलों पर लाठी, डंडा, तलवार या अन्य प्रतिबंधित हथियारों अथवा वस्तुओं के इस्तेमाल पर रोक लगाते हुए सभी समितियों को सतर्क रहने की हिदायत दी। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निर्बाध बिजली आपूर्ति की उठी मांग
बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने दुर्गा पूजा के अवसर पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान बिजली कटौती से श्रद्धालुओं को परेशानी होती है, इसलिए प्रशासन और बिजली विभाग को विशेष ध्यान देना चाहिए।
थानाध्यक्ष परमेश कुमार ने पूजा समितियों एवं स्थानीय लोगों से आपसी समन्वय बनाए रखने, अफवाहों से बचने और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का आग्रह किया।
बैठक में ये रहे मौजूद ,शांति समिति की बैठक में श्याम बिहारी पांडेय, जयप्रकाश कुशवाहा, अशोक कुमार गोंड, लक्ष्मण सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।




