कुशीनगर,धुमपट्टी में जलजमाव से ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, ट्रांसफार्मर के चारों ओर भरे पानी से बड़े हादसे का खतरा।

रिपोर्ट शक्ति कुमार
कुशीनगर। सेवरही विकास खंड के ग्राम धुमपट्टी में जलजमाव की गंभीर समस्या ने ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। गांव की गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर लंबे समय से पानी जमा होने के कारण लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, जलभराव के चलते बरसाती बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है, जिससे ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार सबसे गंभीर स्थिति उस स्थान की है, जहां गांव का मुख्य विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित है। ट्रांसफार्मर के चारों ओर पानी भरा होने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में इसी स्थान पर करंट की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक न तो जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की गई और न ही ट्रांसफार्मर के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए।
समस्या से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि गांव से जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए, प्रभावी जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा ट्रांसफार्मर के आसपास सुरक्षा घेरा और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुहानि की पुनरावृत्ति न हो।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
प्रदर्शन के दौरान विकास बाबा उर्फ अभय मिश्र, रजनीकांत चौबे, विशाल मद्धेशिया, रोहित चौबे, नन्हे पांडे, बिगराज शर्मा, असरफी मद्धेशिया, परमेश पटेल सहित सैकड़ों ग्रामवासी उपस्थित रहे।




