तमकुहीराज हत्याकांड का पुलिस ने किया सनसनीखेज का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; एक बाल अपचारी पुलिस संरक्षण में।

GTV UP BIHAR NEWS रिपोर्ट: शक्ति कुमार
कुशीनगर। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के ग्राम चखनी खास में 1 अगस्त को हुई आदर्श चौहान उर्फ बुलेट की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक हत्या पुरानी कहासुनी और मारपीट के विवाद को लेकर की गई थी।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मृतक के पिता चन्देश्वर चौहान की तहरीर पर पांच नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्विलांस, स्वाट, साइबर सेल और तमकुहीराज थाना पुलिस की संयुक्त टीमें गठित कर जांच शुरू की गई।
24 घंटे में बदली जांच की दिशा
पुलिस ने तहरीर में नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। गहन पूछताछ और उपलब्ध तथ्यों के परीक्षण के दौरान पुलिस को नामजद आरोपियों की घटना में संलिप्तता के पर्याप्त प्रमाण नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने घटना से जुड़े अन्य लोगों की गतिविधियों और साक्ष्यों की गहनता से जांच शुरू की।
जांच के दौरान पांच नए संदिग्धों के नाम सामने आए। पुलिस टीम ने CCTV फुटेज, मोबाइल फोन की टाइमलाइन और भुगतान से संबंधित विवरणों का मिलान किया। पुलिस का दावा है कि इन साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां आपस में जुड़ती चली गईं और हत्या में नए आरोपियों की भूमिका सामने आई।
48 घंटे के भीतर चार आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 अगस्त 2026 को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंगद पासवान निवासी मिश्रौली, थाना सेवरही, सतीश कुशवाहा, चंदन कुशवाहा और प्रीतम कुशवाहा निवासी राजी तलवंत राय, थाना सेवरही के रूप में हुई है। इसके अलावा एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने आदर्श चौहान की हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की। हालांकि, आरोपियों के कथित इकबालिया बयान के अलावा पुलिस ने CCTV फुटेज, मोबाइल टाइमलाइन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी जांच का आधार बताया है।
पुरानी कहासुनी और मारपीट बनी हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, घटना से करीब 15 से 20 दिन पहले मृतक आदर्श चौहान और आरोपियों के बीच कहासुनी एवं मारपीट हुई थी। इसी पुराने विवाद को लेकर आरोपियों ने कथित रूप से आदर्श चौहान पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या में प्रयुक्त चाकू और दो बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आलाकत्ल चाकू बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं, जिनमें हीरो स्प्लेंडर UP57CA3926 और UP57CE4940 शामिल हैं।
मुकदमा दर्ज, आरोपियों को भेजा जा रहा जेल इस मामले में थाना तमकुहीराज में मु0अ0सं0 186/2026, धारा 103(2)/190/191(2)/191(3) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि बाल अपचारी के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त पुलिस टीम की रही अहम भूमिका हत्याकांड के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक गिरीजेश उपाध्याय, प्रभारी स्वाट उपनिरीक्षक स्वतंत्र सिंह, साइबर सेल प्रभारी सुनील कुमार सिंह, सर्विलांस प्रभारी सन्नी दूबे, चौकी प्रभारी डिबनी बंजरवा मृत्युंजय सिंह, चौकी प्रभारी कस्बा तमकुहीराज महेश मिश्रा, चौकी प्रभारी समउर अखिलेश यादव, उपनिरीक्षक सौरभ गिरी सहित तमकुहीराज थाना, साइबर सेल, स्वाट और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस टीम को मिला 25 हजार रुपये का पुरस्कार
हत्याकांड का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम के सराहनीय कार्य पर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के द्वारा 25,000 रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया।




