कुशीनगर फार्मर रजिस्ट्री कैम्पों का अपर जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, किसानों से शीघ्र पंजीकरण कराने की अपील।

शक्ति कुमार ✍️
कुशीनगर। आज अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा द्वारा जनपद कुशीनगर की विभिन्न तहसीलों में संचालित फार्मर रजिस्ट्री कैम्पों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य अधिक से अधिक किसान बन्धुओं को जागरूक करते हुए उनका समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित कराना रहा।
अपर जिलाधिकारी ने तहसील कसया अंतर्गत परेवाटार तथा तहसील हाटा के ग्राम बढ़या बुजुर्ग, पिंडरा सहित अन्य स्थानों पर आयोजित कैम्पों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पंजीकरण प्रक्रिया सरल, पारदर्शी एवं त्वरित ढंग से सम्पन्न कराई जाए, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित किसानों से संवाद करते हुए अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जिन किसान बन्धुओं का फार्मर रजिस्ट्री अभी तक नहीं हुआ है, वे शीघ्र अपना पंजीकरण अवश्य करा लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में विभिन्न कृषि योजनाओं, विशेषकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य कर दी गई है। अतः पात्र किसान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने हेतु समय रहते पंजीकरण सुनिश्चित कर लें।
उन्होंने संबंधित राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार कर किसानों को जागरूक किया जाए तथा कैम्पों में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे अधिकाधिक किसानों का पंजीकरण समय से पूर्ण हो सके।
जिला प्रशासन ने समस्त किसान बन्धुओं से अपील की है कि वे अपने निकटतम कैम्प अथवा कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूर्ण करा लें, ताकि किसी भी शासकीय योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े।




