कुशीनगर में छोटे व्यवसायिक वाहनों के लिए एकमुश्त कर जमा योजना पर बैठक, 20-21 फरवरी को लगेगा परिवहन मेला

शक्ति कुमार ✍️
कुशीनगर। शासन द्वारा छोटे व्यवसायिक वाहनों के लिए लागू एकमुश्त कर जमा योजना के प्रचार-प्रसार के क्रम में बुधवार को परिवहन कार्यालय कुशीनगर में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी मो० अजीम की अध्यक्षता में बस यूनियन, ट्रक यूनियन एवं छोटे व्यवसायिक वाहनों के स्वामियों/चालकों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में शासन द्वारा भाड़े या पारिश्रमिक पर संचालित दोपहिया मोटर साइकिल, तिपहिया, मोटर कैब, मैक्सी कैब, माल वाहन एवं विशेष प्रयोजन यानों के स्वामियों को कर भुगतान में दी जा रही राहत के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि शासन द्वारा 02 माह, 03 माह, 06 माह अथवा एक वर्ष के स्थान पर एकमुश्त कर जमा करने की सुविधा प्रदान की गई है।
सहायक परिवहन अधिकारी ने योजना के अंतर्गत निर्धारित दरों के क्रम में बताया कि ,
भाड़े/पारिश्रमिक पर संचालित दोपहिया मोटर साइकिल पर वाहन मूल्य का 12.5 प्रतिशत, तिपहिया मोटर कैब पर 07 प्रतिशत, 10 लाख रुपये तक के मोटर/मैक्सी कैब पर 10.5 प्रतिशत, 10 लाख रुपये से अधिक के मोटर/मैक्सी कैब पर 12.5 प्रतिशत, निर्माण उपस्कर/विशेष प्रयोजन यान पर 06 प्रतिशत, 3000 किलोग्राम तक सकल भार वाले माल वाहन पर 03 प्रतिशत तथा 3000 किलोग्राम से 7500 किलोग्राम तक सकल भार वाले माल वाहन पर 06 प्रतिशत कर निर्धारित किया गया है।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी ने यूनियन पदाधिकारियों से अपील की कि वे अपने स्तर से वाहन स्वामियों को योजना की जानकारी देकर अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने बताया कि एआरटीओ कार्यालय कुशीनगर में 20 एवं 21 फरवरी 2026 को विशेष कर जमा मेला आयोजित किया जाएगा, जहां वाहन स्वामी एकमुश्त कर जमा कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
इस दौरान प्रवर्तन अभियान भी चलाया गया। हाटा, कसया, फाजिलनगर तथा कसया–पडरौना मार्ग पर चेकिंग के दौरान परमिट शर्तों के उल्लंघन एवं ओवरलोडिंग में एक ट्रक को कसया थाने में निरुद्ध किया गया। इसके अतिरिक्त 18 बिना हेलमेट, 06 बिना सीटबेल्ट तथा 07 एचएसआरपी/ओवरलाइट सहित विभिन्न मामलों में कुल 32 वाहनों का चालान किया गया।
बैठक में सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आर.डी. प्रसाद वर्मा, बस एवं ट्रक यूनियन के पदाधिकारी, छोटे व्यवसायिक वाहनों के स्वामी तथा अन्य लोग उपस्थित रहे।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप वाहन स्वामियों को अधिकतम सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।




