
रिपोर्ट शक्ति कुमार
65 छात्र, महज दो शिक्षक; निरीक्षण में खुली विद्यालय की व्यवस्थाओं की पोल।
गोपालगंज/कुचायकोट। अमवां बथना स्थित श्री राधाकृष्ण संस्कृत उच्च विद्यालय में गुरुवार को शिक्षा विभाग के अधिकारियों की टीम ने औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान छात्र-शिक्षक की उपस्थिति, पठन-पाठन, भवन की स्थिति और सरकारी अभिलेखों की जांच की गई।
जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार पांडेय, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार सिंह एवं अंचल अधिकारी मनोरंजन शुक्ल की टीम विद्यालय पहुंची। जांच में सामने आया कि विद्यालय में कुल 65 छात्र-छात्राओं का नामांकन है, जबकि उनके शिक्षण कार्य के लिए महज दो शिक्षक, प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम नाथ पांडेय और शिक्षिका सिंधु कुमारी, कार्यरत हैं।
अधिकारियों के निरीक्षण के समय विद्यालय में केवल प्रधानाचार्य मौजूद मिले, जबकि शिक्षिका के साथ एक भी छात्र-छात्रा विद्यालय में उपस्थित नहीं था। छात्रों की अनुपस्थिति पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए प्रधानाचार्य से स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के विभिन्न अभिलेख एवं सरकारी दस्तावेज भी खंगाले गए। हालांकि सभी आवश्यक कागजात मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर अधिकारियों ने शेष अभिलेख 13 सितंबर तक जिला शिक्षा कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया है, ताकि उनकी विस्तृत जांच की जा सके।
वहीं, अंचल अधिकारी की मौजूदगी में प्रधानाचार्य ने विद्यालय की भूमि के कुछ हिस्से पर कथित कब्जे की शिकायत भी अधिकारियों के समक्ष रखी। अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उपलब्ध जानकारी के आधार पर जांच कराने की बात कही।
बताया गया कि वर्ष 1942 से अब तक विद्यालय में आठ प्रधानाचार्य अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इनमें ब्रह्मदेव पांडेय, सत्यनारायण पांडेय, रामाशंकर दास, रामाजी राय, नरेंद्र देव पांडेय, लक्ष्मण मिश्र, योगेंद्र पांडेय और वर्तमान प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम नाथ पांडेय शामिल हैं।
निरीक्षण के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि विद्यालय में कई बिंदुओं पर जांच की गई है।
आवश्यक कागजात मांगे गए हैं। सभी अभिलेख प्राप्त होने के बाद उनकी जांच की जाएगी।
छात्र-शिक्षक की उपस्थिति समेत अन्य व्यवस्थाओं में पाई गई कमियों के आधार पर विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




