
रिपोर्ट शक्ति कुमार
होटल के कमरों में मिले युवक-युवतियां, पुलिस कर रही मामले की जांच।
गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फरार आरोपियों की तलाश जारी।
गोपालगंज नगर थाना क्षेत्र के यादोपुर रोड स्थित अंकिता होटल में कथित रूप से होटल की आड़ में अनैतिक देह व्यापार संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर होटल के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है, जबकि होटल मैनेजर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि अंकिता होटल में संदिग्ध और अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें महिला पुलिस पदाधिकारी और महिला कर्मियों को भी शामिल किया गया।
पुलिस टीम ने स्वतंत्र साक्षियों की मौजूदगी में होटल के विभिन्न कमरों और हॉल में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग कमरों से दो युवक और दो युवतियां मिलीं, जबकि होटल के हॉल में भी कुछ युवक-युवतियां मौजूद पाए गए।
तलाशी के दौरान पुलिस ने दो पैकेट कंडोम, एक मोबाइल फोन सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद कर जब्त की। पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।
होटल कर्मचारी गिरफ्तार, मैनेजर फरार
छापेमारी के दौरान होटल का मैनेजर पुलिस को देखकर फरार हो गया। वहीं होटल के स्टाफ/कुक उपेन्द्र यादव, निवासी राचंद्र, थाना हथुआ, जिला गोपालगंज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और प्रारंभिक जांच में होटल के अन्य संचालकों एवं कर्मचारियों की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस के अनुसार, मामले में होटल मालिक, फरार मैनेजर और अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 863/2026 दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अनैतिक और कानून-विरोधी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगा।




