ज्वेलर्स को घेरकर लाखों की लूट, फायरिंग से दहला जमुनहा बाजार।

रिपोर्ट शक्ति कुमार
चार बाइक सवार बदमाशों ने ज्वेलर्स व्यवसाय को घेरकर किया हमला, ग्रामीणों ने पीछा किया तो फायरिंग कर भागे; एक बाइक मौके पर छोड़ गए अपराधी।
गोपालगंज। कटेया थाना क्षेत्र के जमुनहा बाजार में शनिवार की देर शाम अपराधियों ने दुस्साहसिक लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे दी।
बाइक सवार चार बदमाशों ने विष्णु ज्वेलर्स के दुकानदार हरेंद्र वर्मा को रास्ते में घेर लिया और हमला कर उनके पास मौजूद ज्वेलरी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बैग में 10 लाख रुपये से अधिक कीमत के आभूषण होने की बात सामने आ रही है।
दुकान बंद कर निकले थे, रास्ते में बदमाशों ने घेरा
बताया जाता है कि हरेंद्र वर्मा शनिवार की शाम जमुनहा बाजार स्थित अपनी दुकान बंद करने के बाद आभूषणों को बैग में रखकर बाइक से अपने घर भृंगीचक लौट रहे थे।
बाजार से कुछ दूर निकलते ही चार बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उनके सिर पर हमला कर दिया और ज्वेलरी से भरा बैग छीन लिया। हमले में हरेंद्र वर्मा के सिर में गंभीर चोट आई है उनका स्थानीय निजी क्लिनिक में उपचार कराया जा रहा है।
पीछा करने पर बदमाशों ने झोंकी फायरिंग
लूट की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और बदमाशों को पकड़ने के लिए उनका पीछा करने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख अपराधियों ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। अचानक गोली चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बदमाश मौके से भाग निकले।
हालांकि, भागने की जल्दबाजी में अपराधियों की एक बाइक घटनास्थल पर ही छूट गई। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। यही बाइक अब पुलिस के लिए अपराधियों तक पहुंचने में अहम सुराग मानी जा रही है।
लूट की रकम और जेवरात का पूरा ब्योरा जांच के बाद ही होगा साफ।
प्रारंभिक सूचना में लूटे गए आभूषणों की कीमत 10 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस और दुकानदार की ओर से लूटे गए जेवरात की वास्तविक कीमत का आधिकारिक आकलन अभी किया जाना बाकी है। हरेंद्र वर्मा के होश में आने और पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिलने के बाद लूटे गए सामान का सही ब्योरा सामने आने की उम्मीद है।
गोपालगंज एसपी विनय तिवारी ने संभाली कमान, अपराधियों की तलाश में छापेमारी।
घटना की जानकारी मिलते ही कटेया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। एसपी विनय तिवारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम गठित कर अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के इलाकों से मिले सुरागों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
एक तरफ लाखों की ज्वेलरी लूट और दूसरी तरफ बदमाशों की फायरिंग से जमुनहा बाजार में दहशत का माहौल है। अब पुलिस की चुनौती लुटेरों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा करने की है।




