कुशीनगर स्वतंत्रता दिवस को भव्य और गरिमापूर्ण बनाने की तैयारी तेज, अधिकारियों को दिए गए दिशा-निर्देश।

रिपोर्ट शक्ति कुमार GTV UP BIHAR NEWS
कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक, 15 अगस्त के कार्यक्रमों की तैयारियों की हुई समीक्षा
कुशीनगर। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 को हर्षोल्लास, गरिमा और भव्यता के साथ मनाने की तैयारियों को लेकर मंगलवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में 15 अगस्त को होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समय से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति का पर्व है। इसे विगत वर्षों की भांति इस बार भी पूरे उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि 15 अगस्त की सुबह 5 बजे से जनपद के मंदिरों, मस्जिदों और गुरुद्वारों में प्रार्थना सभाएं आयोजित की जाएं। नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों और मलिन बस्तियों में साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी महापुरुषों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्मारकों और प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों एवं भवनों पर प्रातः 8 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। सरकारी भवनों को एक दिन पूर्व से आकर्षक विद्युत सज्जा से रोशन करने तथा ध्वजारोहण के बाद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश भी दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके आश्रितों को सम्मानित करने के लिए संबंधित तहसीलदारों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
विद्यालयों में होंगे देशभक्ति कार्यक्रम और खेल प्रतियोगिताएं
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद के सभी विद्यालयों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत, देशभक्ति कार्यक्रमों के साथ विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिला स्टेडियम में क्रॉस-कंट्री दौड़ का आयोजन होगा। वहीं अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। पडरौना स्थित गांधी पार्क में शाम को देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सेवरही शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि की मांग
बैठक के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के जिला प्रतिनिधि ने सेवरही स्थित शहीद स्मारक का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि स्मारक पर स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 11 शहीदों के नाम अंकित हैं। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उप जिलाधिकारी स्तर के अधिकारियों द्वारा स्मारक पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित किए जाने की मांग की।
अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों की तैयारियां निर्धारित समय से पूरी करने तथा शासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस को जनभागीदारी के साथ भव्य, गरिमापूर्ण और यादगार आयोजन बनाया जाए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा सहित जनपद स्तरीय अधिकारी, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




