बड़ा हादसा टला: तरयासुजान के सलेमगढ में जलकर राख हुई बस, पुलिस की सक्रियता से टली जनहानि।

तरयासुजान (कुशीनगर): जनपद के तरयासुजान थाना क्षेत्र अंतर्गत बहादुरपुर चौकी के सलेमगढ खास ग्राम सभा के पास नेशनल हाईवे पर बीती रात एक बड़ा हादसा होने से बच गया। जयपुर से कुचबिहार जा रही एक निजी बस में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त बस में यात्रियों की भीड़ नहीं थी, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई।
देर रात धू-धू कर जली बस
घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात लगभग 2:00 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर चलती बस में अचानक आग की लपटें दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस आग का गोला बन गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक तरयासुजान रामसहाय चौहान दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही सेवरही पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मोर्चा संभाला। पुलिस के जवानों और दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस जांच के अनुसार, बस में उस वक्त ड्राइवर और मालिक के अलावा कोई अन्य यात्री सवार नहीं था। दोनों सुरक्षित हैं और किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्रथम दृष्टया इसे शॉर्ट सर्किट से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस टीम ने हाईवे पर यातायात सुचारू कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।





