गोपालगंज रेवतीथ में महावीरी अखाड़ा व मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, SDM-SPDO ने किया संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण।

रिपोर्ट शक्ति कुमार
बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात, सादे लिबास में भी रहेंगे जवान; उपद्रवियों पर रहेगी कड़ी नजर
बैकुंठपुर। रेवतीथ में आयोजित होने वाले दो दिवसीय महावीरी अखाड़ा एवं मेले को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को सदर एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह, एसडीपीओ राजेश कुमार, स्थानीय सीओ, बीडीओ एवं थानाध्यक्ष ने अखाड़ा निकलने से पूर्व क्षेत्र का भ्रमण कर संवेदनशील स्थलों का जायजा लिया।
अधिकारियों ने अखाड़ा जुलूस के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण करते हुए संभावित भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान स्थानीय लोगों से भी जानकारी ली गई तथा सभी से आपसी भाईचारा, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की गई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने मस्जिद टोला समेत संवेदनशील इलाकों का भी निरीक्षण किया। लोगों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि अखाड़ा प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट से ही निकाला जाए और सभी प्रशासनिक निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए।
मेले के दौरान भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह ने बताया कि अखाड़ा और मेले में सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
उन्होंने कहा कि वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के अलावा सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जो भीड़ के बीच संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि उपद्रवी और माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों पर प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी। किसी भी तरह से शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे दो दिवसीय महावीरी अखाड़ा और मेले को आपसी प्रेम, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में सहयोग करे।




