कुशीनगर देशभक्ति के रंग में रंगा कलेक्ट्रेट, डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने किया ध्वजारोहण।

कलेक्ट्रेट में शान से लहराया तिरंगा, स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रित सम्मानित
कुशीनगर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और अधिकारियों-कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा संविधान की मर्यादा बनाए रखने का संकल्प लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग एवं बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से “पहले कर्तव्य, फिर अधिकार” की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करे तो राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि स्वतंत्रता केवल राजनीतिक आजादी तक सीमित नहीं है, बल्कि आर्थिक और सामाजिक स्वतंत्रता भी इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। स्वच्छता, सामाजिक बुराइयों और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि अपने समय, ऊर्जा और सामर्थ्य का समाज एवं देश के विकास में सदुपयोग करना भी राष्ट्रसेवा है।
स्वतंत्रता सेनानी प्रह्लाद प्रजापति सहित आश्रित सम्मानित।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रह्लाद प्रजापति सहित स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को अंगवस्त्र एवं मिष्ठान प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण किया गया। जिलाधिकारी सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।
समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भारत का निर्माण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा से योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), उप जिलाधिकारी/प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पूरे परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल बना रहा।




