
शक्ति कुमार ✍️
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न
कुशीनगर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में जनपदीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ), शिक्षा विभाग के अधिकारी, रोडवेज प्रतिनिधि सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में पुलिस विभाग द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी दी गई। बताया गया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में मृतकों की संख्या में कमी आई है।
इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रवर्तन कार्रवाई और अधिक सख्ती से संचालित की जाए, ताकि दुर्घटनाओं में और कमी लाई जा सके।
एआरटीओ ने अवगत कराया कि जनपद में हेल्मेट, सीट बेल्ट एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियमित रूप से चेकिंग एवं चालान की कार्रवाई की जा रही है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी वाहनों, विशेषकर स्कूली वाहनों की फिटनेस की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।
साथ ही वाहन चालकों एवं परिचालकों का समय-समय पर नेत्र परीक्षण एवं चरित्र सत्यापन कराया जाए तथा विद्यालय प्रबंधनों से संबंधित प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से प्राप्त किए जाएं।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए कि माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेशों के क्रम में सड़क सुरक्षा से संबंधित आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ठोस कदम उठाएं।




