कुशीनगर सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश।

रिपोर्ट शक्ति कुमार
कुशीनगर। जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में आज तहसील पडरौना में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 39 शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 02 प्रकरणों का निस्तारण किया गया, जबकि 37 प्रकरण अवशेष रहे। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 19, पुलिस विभाग के 06, विकास विभाग के 05 तथा अन्य विभागों से संबंधित 09 मामले शामिल रहे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवशेष प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण करते हुए निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजस्व एवं भूमि विवाद से संबंधित मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करने तथा नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। इसलिए सभी अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, उप जिलाधिकारी पडरौना, मुख्य चिकित्साधिकारी, परियोजना निदेशक, डीसी मनरेगा, जिला पंचायतराज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं तहसील स्तरीय अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।




