
रिपोर्ट शक्ति कुमार
गोपालगंज। जिले के लोगों के लिए बड़ी और राहत भरी खबर है। लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे गोपालगंज शहर को जल्द ही बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। 12.60 किलोमीटर लंबे गोपालगंज बाईपास निर्माण परियोजना को अब नई गति मिल गई है।
शनिवार, 29 अगस्त 2026 को जिला प्रशासन, गोपालगंज द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, बाईपास निर्माण के लिए आवश्यक 4.8 हेक्टेयर वन भूमि के अपयोजन हेतु पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा स्टेज-1 की मंजूरी प्रदान कर दी गई है।
इस महत्वपूर्ण परियोजना का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी समीर सौरभ ने बाईपास निर्माण स्थल का जायजा लिया और संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
बताया गया है कि एनएच-27 (दानापुर) से एनएच-531 (तुरकाहां) तक ₹10,351.31 लाख की लागत से दो-लेन बाईपास का निर्माण किया जाएगा।
शहर को जाम से मिलेगी बड़ी राहत
बाईपास का निर्माण पूरा होने के बाद गोपालगंज शहर को भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है। भारी वाहनों का आवागमन शहर के मुख्य मार्गों के बजाय बाईपास से होने पर यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित होगी।
किसानों, व्यापारियों और आम लोगों को होगा लाभ
इस परियोजना से गन्ना सहित अन्य कृषि उत्पादों के परिवहन में काफी सुविधा मिलेगी। भारी वाहनों की आवाजाही आसान होने से समय और लागत दोनों की बचत होगी।
बाईपास निर्माण से जिले में व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की संभावना है। इसके साथ ही रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और गोपालगंज के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
गोपालगंज के विकास की दिशा में यह बाईपास परियोजना एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। वन भूमि क्लीयरेंस मिलने के बाद अब इसके निर्माण कार्य को और तेजी मिलने की उम्मीद है।




