कुशीनगर डीएम महेंद्र सिंह तंवर का सख्त रुख तस्करों पर होगी अब सख्त कार्रवाई।

रिपोर्ट शक्ति कुमार सात चेक प्वाइंटों पर संयुक्त टीमों की तैनाती, 21 से 28 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान।
कुशीनगर। जिले में अवैध खनन, ओवरलोड वाहनों, अवैध परिवहन और शराब व पशु तस्करी के खिलाफ प्रशासन ने निगरानी और कार्रवाई का दायरा बढ़ा दिया है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर तमकुहीराज और कसया तहसील क्षेत्रों में सात चेक प्वाइंट सक्रिय किए गए हैं।
प्रशासन की ओर से 21 से 28 अगस्त तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से सुबह 4 बजे तक विशेष रात्रिकालीन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस, राजस्व तथा संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित चेक प्वाइंटों पर तैनात रहेंगे।
रात के समय गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच के साथ ओवरलोडिंग, अवैध खनन से जुड़े वाहनों, अवैध परिवहन तथा तस्करी की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। संयुक्त टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का यह कदम रात के अंधेरे में संचालित होने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। विभागीय टीमों की संयुक्त निगरानी से नियमों का उल्लंघन करने वालों और तस्करी में शामिल लोगों पर कार्रवाई का शिकंजा और कसने की उम्मीद है।
डीएम के निर्देश के बाद चेकिंग अभियान को लेकर संबंधित विभागों में सक्रियता बढ़ गई है। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि जिले में अवैध खनन, ओवरलोडिंग, अवैध परिवहन और तस्करी जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा नियम तोड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




