तमकुहीराज को मिले नए एसडीएम: कुणाल गौरव ने संभाला कार्यभार, जनसुनवाई, राजस्व सुधार और बाढ़ सुरक्षा को बनाया सर्वोच्च प्राथमिकता।

रिपोर्ट: शक्ति कुमार | GTV UP BIHAR NEWS
कुशीनगर/तमकुहीराज। तमकुहीराज तहसील को नए उप जिलाधिकारी (एसडीएम) के रूप में कुणाल गौरव की तैनाती मिली है। उन्होंने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाल ली हैं। कार्यभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
नवागत एसडीएम कुणाल गौरव ने कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाएगा और उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि राजस्व संबंधी मामलों का शीघ्र निस्तारण, भूमि विवादों का समाधान, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा पारदर्शी प्रशासन उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास कायम रखना उनकी जिम्मेदारी है और इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
मानसून के मौसम को देखते हुए एसडीएम ने बाढ़ सुरक्षा और राहत तैयारियों को भी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने संबंधित विभागों को अलर्ट रहने, संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम कुणाल गौरव ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, संवेदनशील और जनहितकारी प्रशासन उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए निसंकोच तहसील आएं, उनकी शिकायतों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा।
नए एसडीएम के कार्यभार ग्रहण करने से क्षेत्रवासियों को प्रशासनिक व्यवस्था में, पारदर्शिता तथा जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान की उम्मीद जगी है।




