
एडिटर इन चीफ शक्ति कुमार ✍️
कुशीनगर। पुलिस विभाग में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने तथा आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) गोरखपुर परिक्षेत्र, एस. चन्नप्पा और पुलिस अधीक्षक (SP) कुशीनगर, केशव कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जनपद के तमाम आला अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।
इस हाई-लेवल बैठक में जनपद के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारीगण, सभी प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ), थानाध्यक्ष एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मुख्य रूप से सम्मिलित हुए।
आगामी त्योहार ‘मुहर्रम’ को लेकर सतर्कता: DIG और SP ने आगामी मुहर्रम त्योहार के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने, उपद्रवियों पर नजर रखने और पीस कमेटी (शांति समिति) की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
अपराध नियंत्रण और अपराधियों पर नकेल: बैठक में जनपद के भीतर हुए अपराधों के अनावरण (खुलासा) की स्थिति को परखा गया। इसके साथ ही अपराधियों के खिलाफ कड़ी निरोधात्मक कार्रवाई करने और लंबित विवेचनाओं (जांच) के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आदेश दिए गए।
जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए जनसुनवाई प्रणाली को और मजबूत करने पर जोर दिया गया, ताकि फरियादियों को न्याय के लिए भटकना न पड़े।
‘मिशन शक्ति’ के तहत महिला सुरक्षा: महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान के अंतर्गत अब तक हुई कार्रवाइयों की विधिवत समीक्षा की गई और इसे जमीनी स्तर पर और प्रभावी बनाने को कहा गया।
कार्रवाई की समीक्षा: अदालती मामलों में प्रभावी पैरवी (अभियोजन) सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ताकि अपराधियों को जल्द से जल्द सजा दिलाई जा सके।
अधिकारियों का कडा संदेश कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




