गोपालगंज दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।

रिपोर्ट शक्ति कुमार
पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर, अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पैनी नजर।
गोपालगंज। दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में डीएम समीर सौरभ और एसपी विनय तिवारी ने मिंज स्टेडियम में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, सदर एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में पूजा पंडालों एवं संवेदनशील स्थलों पर कड़ी निगरानी रखने, भीड़ प्रबंधन और निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के साथ सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक संदेश फैलाने वालों पर विशेष नजर रखने को कहा गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई।




