जननायक स्व.राजमंगल पांडेय की जयंती पर ननिहाल बरियारपुर में उमड़ा जनसैलाब, ओजस्वी मिश्रा ने बढ़ाया परंपरा को आगे.

कुशीनगर: जनपद के कद्दावर नेता और जनमानस के चहेते रहे स्व. राजमंगल पांडेय जी की जयंती उनके ननिहाल, तमकुही राज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा 331 बरियारपुर में अत्यंत श्रद्धा और भावपूर्ण वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर क्षेत्र के लोगों ने अपने ‘प्रिय पंडित जी’ को याद किया, जिन्होंने अपने जीवन का एक लंबा और महत्वपूर्ण समय इसी मिट्टी में व्यतीत किया था।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों की आँखें अपने जननायक को याद कर नम हो गईं। वक्ताओं ने उनके कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राजमंगल पांडेय जी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि इस क्षेत्र के अभिभावक थे। बरियारपुर से उनका गहरा भावनात्मक जुड़ाव था, यही कारण है कि आज भी यहाँ का बच्चा-बच्चा उन्हें अपना प्रेरणास्रोत मानता है।
विरासत को सहेज रहे हैं ओजस्वी मिश्रा कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित लोकमान्य इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री सुनील मिश्रा ने अपने संबोधन में एक महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने कहा: स्व. पांडेय जी ने विकास और सेवा की जो गौरवशाली परंपरा शुरू की थी, आज उसे युवा समाजसेवी ओजस्वी मिश्रा पूरी निष्ठा और अक्षरशः निर्वाहन के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। ओजस्वी के कार्यों में पंडित जी की झलक मिलती है।”
समाजसेवा का संकल्प युवा समाजसेवी ओजस्वी मिश्रा ने इस मौके पर स्व. पांडेय जी के पदचिह्नों पर चलने का संकल्प दोहराया। क्षेत्र के बुजुर्गों ने ओजस्वी मिश्रा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नई पीढ़ी का इस प्रकार अपनी जड़ों और महापुरुषों के प्रति समर्पित रहना क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
इस जयंती समारोह में भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, गणमान्य नागरिक और स्व. पांडेय जी के अनुयायी उपस्थित रहे, जिन्होंने पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी।





