
रिपोर्ट शक्ति कुमार
गोपालगंज। जिले के विभिन्न प्रखंडों में सोमवार, 01 सितंबर 2026 को पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इसी क्रम में कुचायकोट प्रखंड के अहियापुर पंचायत में आयोजित शिविर में अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) गोपालगंज डॉ. प्रेरणा सिंह पहुंचीं।
SDO डॉ. प्रेरणा सिंह ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा उनसे संबंधित आवेदन प्राप्त किए। उन्होंने मौजूद अधिकारियों को जन-शिकायतों के त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही कई जन-शिकायतों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जिससे ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली।
अधिकारियों ने बताया कि पंचायत सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार प्रखंड एवं जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से बचाना है। इस पहल के माध्यम से पंचायत स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का पारदर्शी, सरल और समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।




